सेवानिवृत्ति के दिन ही शिक्षक रमेश लाल पटेल को मिला पेंशन भुगतान आदेश
बसना । शासकीय उच्च प्राथमिक शाला बाराडोली के शिक्षक रमेश लाल पटेल के लिए 30 सितम्बर का दिन खास बन गया। सेवानिवृत्ति के अवसर पर ही उन्हें पेंशन भुगतान आदेश (PPO) प्रदान किया गया। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में श्री पटेल को पीपीओ सौंपते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ, शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर कलेक्टर लंगेह ने कहा कि शिक्षक समाज का पथ प्रदर्शक होता है और विद्यार्थियों के जीवन निर्माण में उनकी भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रहती है। उन्होंने कहा कि श्री पटेल ने अपने लंबे कार्यकाल में शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान दिया है। कलेक्टर ने उन्हें निष्ठापूर्ण सेवाभाव के लिए बधाई देते हुए स्वस्थ, सुखी और सम्मानपूर्ण जीवन की शुभकामनाएँ दीं।
कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि उनके अधीनस्थ कर्मचारी सेवानिवृत्त हों तो उसी दिन पीपीओ प्रदान किया जाए। साथ ही जिला कोषालय अधिकारी को भी हर माह सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों की सूची तैयार करने और समय पर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद्र मांझी ने शिक्षक पटेल को अवकाश नगदीकरण की राशि, परिवार भत्ता निधि, उपादान राशि और अन्य सभी देयक भी प्रदान किए।
अपनी भावनाएँ व्यक्त करते हुए श्री पटेल ने कहा कि यह दिन उनके लिए यादगार है। उन्होंने शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आज सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन आदेश और सभी देयक मिलना एक सुखद अनुभव है।



