सरायपाली विधायक चातुरी नंद ने मुख्यमंत्री से सरायपाली को जिला बनाने की मांग की
सरायपाली। सरायपाली को जिला बनाए जाने की लंबे समय से उठ रही मांग को लेकर अब फिर से हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में सरायपाली विधायक चातुरी नंद ने बुधवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विश्नुदेव साय से मुलाकात कर सरायपाली को जिला घोषित करने की मांग रखी।
विधायक नंद ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि सरायपाली क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, जनसंख्या और प्रशासनिक आवश्यकता को देखते हुए इसे जिला बनाया जाना जरूरी है। सरायपाली विकासखंड विशाल क्षेत्र में फैला हुआ है और यहां की जनसंख्या भी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए दूर महासमुंद जिला मुख्यालय तक जाना पड़ता है, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी होती है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि सरायपाली को जिला का दर्जा देने से न केवल क्षेत्रवासियों को प्रशासनिक कार्यों में आसानी होगी, बल्कि यहां के विकास कार्यों को भी गति मिलेगी। विधायक ने कहा कि सरायपाली की ऐतिहासिक, सामाजिक और भौगोलिक विशेषताएं भी इसे अलग जिला बनाने के लिए पूरी तरह अनुकूल हैं।
इस दौरान उन्होंने सरायपाली क्षेत्र की जनता की ओर से मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि यदि यह मांग पूरी होती है तो आम नागरिकों को बड़ा राहत मिलेगा और क्षेत्र के विकास का नया द्वार खुलेगा।




