पिथौरा।विकासखंड पिथौरा के संकुल केंद्र भस्करापाली के लिए यह वर्ष गर्व और सम्मान का प्रतीक बन गया, जब यहां के तीन समर्पित शिक्षकों को आदर्श शिक्षक सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान उन शिक्षकों को मिला, जिन्होंने लगन, नवाचार और निष्ठा के साथ बच्चों के भविष्य को संवारने में अहम भूमिका निभाई है।

आदर्श शिक्षक के लगन, नवाचार और समर्पण से शिक्षा को नई दिशा देने वाले शिक्षकों को मिला सम्मान।
सम्मानित होने वाले शिक्षकों में शासकीय उच्च प्राथमिक शाला साई सरायपाली के प्रधान पाठक श्री लोकेश्वर वर्गे, श्री भीखम बरिहा और श्री वीरेंद्र कुमार चौधरी शामिल हैं।शिक्षा को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखकर व्यवहारिक ज्ञान, नैतिक मूल्यों और नवाचार के जरिए विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की दिशा दिखाई है।

सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी और बसना विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने तीनों शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऐसे शिक्षक समाज की असली नींव होते हैं, जो सीमित संसाधनों में भी बच्चों के सपनों को आकार देते हैं।

समारोह के दौरान उपस्थित शिक्षा विभाग के अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने भी शिक्षकों के कार्यों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि इन शिक्षकों का योगदान न केवल विद्यार्थियों बल्कि पूरे शिक्षा जगत के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम का संचालन संकुल समन्वयक द्वारा किया गया। अंत में सभी उपस्थितजनों ने सम्मानित शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सम्मान न केवल तीन शिक्षकों की मेहनत की पहचान है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय भी है।