सरायपाली : दुर्गा विद्यालय लंबर में विशाल रक्तदान शिविर, 171 लोगों ने किया रक्तदान
सरायपाली के दुर्गा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लंबर में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक चतुरी नंद शामिल हुईं। शिविर में कुल 171 रक्तवीरों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
श्रीकृष्ण भगवान की मूर्ति का अनावरण
विधायक नंद ने विद्यालय परिसर में स्थापित श्रीकृष्ण भगवान की मूर्ति का अनावरण किया। इस मौके पर आसपास क्षेत्र के नागरिकों और महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में रक्तदान कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
रक्तदाताओं का हुआ सम्मान
मुख्य अतिथि ने सभी रक्तदाताओं को हेलमेट, मोमेंटो और प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि “रक्तदान समाज में मानवता और भाईचारे का संदेश देता है।” साथ ही सभी से आगे भी रक्तदान के लिए प्रेरित होने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता और संबोधन
शिविर की अध्यक्षता मोगरा पटेल ने की। उन्होंने रक्तदाताओं को बधाई देते हुए ऐसे ही सेवा कार्य करते रहने की अपील की। वहीं, डीईओ विजय लहरे ने कहा कि “रक्तदान किसी का जीवन बचाने का पवित्र कार्य है, इसलिए इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाना हम सबकी जिम्मेदारी है।”




