महासमुंद : चंडी माता मंदिर परिसर के पास मादा भालू मृत मिली, विभाग ने बताया प्राकृतिक मौत
15 वर्ष की मादा भालू की मिली लाश
महासमुंद जिले के बागबाहरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत चंडी माता मंदिर परिसर के पास रविवार सुबह एक मादा भालू मृत अवस्था में पाई गई। उसकी उम्र लगभग 15 वर्ष बताई जा रही है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।
पहले से थी बीमार
सूत्रों के अनुसार मृतक भालू वही है, जो अपने 6 साथियों के साथ अक्सर मंदिर परिसर के आसपास देखी जाती थी। करीब 15 दिन पहले उसके बीमार होने की जानकारी भी सामने आई थी। रेंजर लोकनाथ ध्रुव ने बताया कि गश्त के दौरान टीम ने मंदिर परिसर के पीछे पार्किंग स्थल के पास भालू को मूर्छित अवस्था में देखा। जांच करने पर उसकी मौत की पुष्टि हुई।
प्रारंभिक जांच में प्राकृतिक मौत की आशंका
वन विभाग ने भालू का पोस्टमार्टम कराया है। रिपोर्ट एक-दो दिन में आने की संभावना है। विभागीय अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में किसी गंभीर बीमारी की आशंका से इनकार करते हुए इसे प्राकृतिक मौत माना है।
वन्य प्राणियों से छेड़छाड़ अपराध
वन विभाग ने स्पष्ट किया कि भालू जैसे वन्य प्राणियों से छेड़छाड़ न केवल उनके लिए खतरनाक है, बल्कि यह कानूनन गंभीर अपराध भी है। श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों से वन्य जीवों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
भालू को कोल्डड्रिंक पिलाने वाला युवक गिरफ्तार
इधर, बागबाहरा से ही जुड़े एक अन्य मामले में भालू से छेड़छाड़ और उसे कोल्डड्रिंक पिलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस पर कार्रवाई करते हुए वन विभाग की टीम ने रविवार को ग्राम मूढ़ी, तखतपुर (जिला बिलासपुर) निवासी करण धुरी पिता रमेश धुरी को गिरफ्तार किया।



