किशनपुर उपसरपंच पर अवैध कब्जा और कमीशनखोरी के आरोप, ग्रामीणों ने आंदोलन की दी चेतावनी
शासकीय भूमि पर कॉम्प्लेक्स निर्माण का आरोप
पिथौरा। ग्राम किशनपुर में उपसरपंच चम्पेश्वर साहू पर गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उपसरपंच ने स्कूल के सामने शासकीय भूमि पर कब्जा कर मकान और कॉम्प्लेक्स बना लिया है। इसे किराए पर देकर वे आर्थिक लाभ कमा रहे हैं।
कमीशनखोरी और धमकी से परेशान ग्रामीण
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उपसरपंच पंचायत सचिव से हर कार्य में खुलेआम 5% कमीशन मांगते हैं। न देने पर फर्जी मामलों में फंसाने की धमकी दी जाती है। यहां तक कि महिला सरपंच को भी प्रताड़ित किया जा रहा है। गरीब और कमजोर वर्गों का कहना है कि वे लगातार भय और दहशत में जी रहे हैं।
नामजद ग्रामीण राजकुमार बरिहा, बलभद्र साहू और दिलकुमार बाघ ने बताया कि उनके खिलाफ पहले ही कलेक्टर कार्यालय में झूठे आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई थी।
ग्रामीणों की मांग
उपसरपंच को पद से हटाया जाए
शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटाया जाए
पंचायत सचिव से कमीशनखोरी पर रोक लगे
23 सितम्बर से आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 19 सितम्बर तक कार्रवाई नहीं की गई तो 23 सितम्बर से वे धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन से उत्पन्न स्थिति की जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
तहसीलदार ने लिया संज्ञान
ग्रामीणों की शिकायत पर तहसीलदार पिथौरा ने तत्काल संज्ञान लिया है। पटवारी को मौके की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने निर्देश दिए गए हैं। जांच का कार्य कल प्रस्तावित है।



