किशनपुर पंचायत सचिव को हटाने की मांग पर ग्रामीणों का आंदोलन शुरू
पिथौरा। जिले के पिथौरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत किशनपुर के ग्रामीण पंचायत सचिव पुनीत राम सिन्हा को हटाने की मांग को लेकर लामबंद हो गए हैं। कलेक्टर को बार-बार ज्ञापन सौंपने के बावजूद कार्रवाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार से जनपद पंचायत पिथौरा में सीईओ कार्यालय के समीप अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सचिव पुनीत राम सिन्हा की अस्थायी पदस्थापना पिछले 6 वर्षों से पंचायत किशनपुर में है, लेकिन उनकी उपस्थिति नगण्य रहती है। जिसके चलते ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है और शासन की योजनाओं का लाभ भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने सचिव की कार्यशैली को असंतोषजनक बताया।
ग्रामीणों ने अपने आवेदन में मांग की है कि किशनपुर पंचायत से पुनीत राम सिन्हा को तत्काल हटाकर स्थायी सचिव की नियुक्ति की जाए। साथ ही वित्तीय वर्ष 2020 से 2025 तक पंचायत में संचालित विभिन्न कार्यों और योजनाओं में किए गए ₹1,59,80,570 (एक करोड़ उनसठ लाख अस्सी हज़ार पांच सौ सत्तर रुपए) के भुगतान का भौतिक सत्यापन कराया जाए।
इससे पहले मंगलवार को ग्रामीणों ने जन चौपाल में कलेक्टर को आवेदन सौंपकर चेतावनी दी थी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे। कार्रवाई न होने पर अब ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।
प्रशासन का पक्ष
जनपद पंचायत अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। सचिव की कार्यप्रणाली और पंचायत में किए गए व्यय की जांच के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया जाएगा। वहीं, प्रदर्शनकारी ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखें और जांच पूरी होने तक सहयोग करें।



