होटल संचालक दंपती की संदिग्ध मौत, पति ने पत्नी की हत्या कर फांसी लगाने की आशंका
बलौदाबाजार। जिले के पलारी थाना क्षेत्र के जारा गांव में बुधवार सुबह होटल व्यापारी दंपती की लाशें मिलने से सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि पति जगमोहन देवांगन (43) ने पहले पत्नी जमुना बाई (40) की हत्या की और फिर खुद पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली।
बच्चों ने देखा खौफनाक मंजर
परिवार के तीन बच्चे भी घर में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि सुबह कमरे से आवाज नहीं आने पर बच्चों को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा खोला तो मां बिस्तर पर मृत पड़ी मिलीं और पिता पंखे से लटके नजर आए। यह दृश्य देख बच्चों के होश उड़ गए।
गांव में संचालित करते थे होटल
जानकारी के मुताबिक दंपती गांव में खाने-पीने का होटल चलाते थे। मंगलवार की रात पूरा परिवार साथ में खाना खाकर सोया था। इसके बाद देर रात यह वारदात हुई। पुलिस को शक है कि किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा, जिसके चलते पति ने पत्नी की हत्या कर खुदकुशी कर ली।
परिजनों और पड़ोसियों ने बताया — नहीं था कोई विवाद
हालांकि मृतकों के परिजनों और पड़ोसियों ने बताया कि दंपती के बीच कभी किसी तरह का बड़ा विवाद नहीं हुआ था। उनका आपसी रिश्ता सामान्य था और वे खुशहाल जीवन जी रहे थे। ऐसे में घटना को लेकर रहस्य और गहरा गया है।
पुलिस की जांच जारी
पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिवार, रिश्तेदारों और पड़ोसियों से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।





