सीएम विष्णु देव साय ने एम्स रायपुर में ‘देव हस्त’ रोबोटिक सर्जरी सिस्टम का शुभारंभ किया
रायपुर में मध्य भारत का पहला शासकीय रोबोटिक सर्जिकल सिस्टम
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित टाटीबंध में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में मध्य भारत के पहले शासकीय रोबोटिक सर्जिकल सिस्टम ‘देव हस्त’ का शुभारंभ किया।
सीएम ने किया पहला ड्राई लैब डिसेक्शन
मुख्यमंत्री ने स्वयं ‘देव हस्त’ पर पहला ड्राई लैब डिसेक्शन कर इस तकनीक की औपचारिक शुरुआत की। उन्होंने कहा कि रोबोटिक सर्जरी प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में एक नया अध्याय है और यह पहल छत्तीसगढ़ की जनता को अत्याधुनिक व बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगी।
मरीजों के परिजनों के लिए परिजन निवास की घोषणा
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एम्स रायपुर में मरीजों के परिजनों के लिए सर्व-सुविधायुक्त परिजन निवास बनाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस तकनीक का लाभ केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों से आने वाले मरीजों को भी मिलेगा।
एम्स रायपुर से विशेष लगाव
श्री साय ने याद करते हुए कहा कि जब रायपुर एम्स के निर्माण को स्वीकृति मिली, तब वे सांसद थे और उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से छत्तीसगढ़ में एम्स स्थापित करने का आग्रह किया था। आज एम्स रायपुर लगातार उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं में नए आयाम गढ़ रहा है।




