बागबाहरा(जीतयादव)। 1 मार्च (रविवार) को सरस्वती शिशु मंदिर बागबाहरा में प्रस्तावित “युवा संगम कार्यक्रम (युवा हिंदू सम्मेलन)” की तैयारी को लेकर क्षेत्र में विभिन्न संस्थानों में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंडल बागबाहरा के कार्यकर्ताओं द्वारा युवाओं के बीच पहुंचकर राष्ट्रहित और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर चर्चा की जा रही है।
सरस्वती शिशु मंदिर बागबाहरा में हिंदू सम्मेलन का होगा आयोजन, संस्थानों में युवाओं को किया गया आमंत्रित।
कार्यक्रम की तैयारियों के तहत हाल ही में गोविंदा सर कोचिंग इंस्टिट्यूट, फलेश चक्रधारी सर कोचिंग इंस्टिट्यूट, शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बागबाहरा तथा प्राइवेट आईटीआई बागबाहरा में विद्यार्थियों और प्रशिक्षार्थियों के साथ संवाद किया गया। इस दौरान राष्ट्र की रक्षा, सुरक्षा, संवर्धन और विकास जैसे विषयों पर युवाओं से विचार-विमर्श किया गया।

कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। संवाद कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में राष्ट्र प्रथम की भावना जागृत करने का प्रयास किया गया। साथ ही सभी छात्र-छात्राओं को 1 मार्च को आयोजित युवा हिंदू सम्मेलन में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया।

तैयारियों की जिम्मेदारी महेश्वर सेन और मोहित शर्मा ने निभाई। विभिन्न संस्थानों के प्रमुखों और शिक्षकों ने संवाद कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया, जिसके लिए आयोजकों ने आभार व्यक्त किया।
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर जागरूक करना तथा सकारात्मक सहभागिता के लिए मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम को लेकर युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में सहभागिता की उम्मीद जताई जा रही है।




