सरायपाली(जीतयादव)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ANTF और थाना सिंघोड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 4 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है।
सिंघोड़ा क्षेत्र में ANTF की कार्रवाई, कार और मोबाइल सहित 5.26 लाख की संपत्ति जब्त।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लगातार चेकिंग के दौरान सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से एक सुजुकी डिजायर कार (क्रमांक CG 07 CD 9986) में अवैध गांजा लेकर कुछ लोग छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर वाहन की तलाश शुरू की।
![]()
कुछ देर बाद संदिग्ध कार को रोककर जांच की गई। पूछताछ में चालक ने अपना नाम सोनू सिंह (33 वर्ष) निवासी कैंप-2 पावर हाउस, जेपी चौक, थाना छावनी जिला दुर्ग बताया। कार में बैठे अन्य व्यक्तियों ने अपना नाम राजेश तगड़े (26 वर्ष), विक्रम सिंह (45 वर्ष) और कन्हैया साहू (25 वर्ष) बताया, जो सभी दुर्ग जिले के निवासी हैं।

वाहन की तलाशी लेने पर कार की पिछली सीट में रखी एक प्लास्टिक बोरी से 4 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा उड़ीसा से भिलाई (छत्तीसगढ़) लेकर जा रहे थे।

ANTF व पुलिस ने आरोपियों से 2 लाख रुपये कीमत का गांजा, 3 लाख रुपये कीमत की सुजुकी डिजायर कार तथा तीन मोबाइल फोन (कीमत 26 हजार रुपये) जब्त किए हैं। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत 5 लाख 26 हजार रुपये आंकी गई है।पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(2)(C) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।



