सरायपाली(जीतयादव)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ANTF और थाना सरायपाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 किलो 329 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है।
ओडिशा से सरायपाली लाया जा रहा था गांजा, ANTF पुलिस ने बाइक सहित 1.80 लाख की संपत्ति जब्त।
ANTF पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लगातार चेकिंग अभियान के दौरान सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में अवैध गांजा लेकर सरायपाली की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घंटेश्वर मंदिर सरायपाली के पास घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति का इंतजार किया।

कुछ देर बाद एक युवक मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा, जिसे रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम कृष्ण चंद्र राणा (22 वर्ष) निवासी ग्राम बटागुंडा, थाना बालीगुडा, ओडिशा हाल मुकाम तुसरा थाना तुसरा जिला बलांगीर बताया।

पुलिस व ANTF ने एनडीपीएस एक्ट के तहत नोटिस देकर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से 5 किलो 329 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल ग्लैमर क्रमांक OD 12 F 1584 भी जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये है। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है।

इस मामले में थाना सरायपाली में अपराध क्रमांक 82/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिले में 49 मामलों में 3057.790 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत 15 करोड़ 23 लाख 70 हजार रुपये है। इन मामलों में अब तक 131 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।




