महासमुंद(जीतयादव)।राज्य सरकार के मंशानुरूप महासमुंद जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा एवं सुचारू व्यवस्था के साथ लगातार जारी है। जिले के 182 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से अब तक कुल 3,13,764 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। समर्थन मूल्य पर उचित दाम मिलने से जिले के किसान संतुष्ट एवं उत्साहित नजर आ रहे हैं और ऑनलाइन व ऑफलाइन टोकन व्यवस्था के माध्यम से बड़ी संख्या में किसान धान विक्रय हेतु उपार्जन केंद्रों तक पहुंच रहे हैं।
अब तक जिले के 54 हजार से अधिक किसानों के खातों में 743 करोड़ 75 लाख 55 हजार रुपए की राशि 16 बैंक शाखाओं के माध्यम से सीधे हस्तांतरित की जा चुकी है, जिससे किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित हुआ है।
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु प्रशासन, सहकारिता, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा निरंतर निगरानी की जा रही है। सभी उपार्जन केंद्रों में केंद्रीय मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से प्रतिदिन खरीदी का विवरण ऑनलाइन दर्ज किया जा रहा है। प्राप्त 39 शिकायत प्रकरणों में से 35 का त्वरित समाधान कर लिया गया है। अधिकारियों द्वारा समय-समय पर औचक निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण तुलाई, किसानों की सुविधा एवं व्यवस्था की सतत निगरानी की जा रही है।
धान खरीदी के साथ-साथ धान उठाव, भंडारण एवं मिलिंग प्रक्रिया भी नियमित रूप से संचालित की जा रही है। राइस मिलरों को उनकी क्षमता के अनुसार धान उठाव करने तथा भंडारण एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। निगरानी दलों को 24×7 सक्रिय रखा गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
अवैध गतिविधियों पर सख्ती दिखाते हुए जिले में अब तक अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं विक्रय से जुड़े 230 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। संयुक्त टीम द्वारा इन प्रकरणों में कुल 29,800 क्विंटल धान जप्त किया गया है। इस कार्रवाई के मामले में महासमुंद जिला छत्तीसगढ़ राज्य में अग्रणी स्थान पर है। प्रमुख मार्गों, अंतर्राज्यीय जांच चौकियों, राइस मिलों एवं उपार्जन केंद्रों पर सघन जांच और निगरानी लगातार जारी है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान उपार्जन अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और किसानों के हित में बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।



