बसना(जीतयादव)। राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMSE) में शासकीय उच्च प्राथमिक शाला बिछिया के छात्र दुर्गेश भोई ने शानदार सफलता हासिल कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता मिलने से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
NMMSE परीक्षा में शिक्षक सुशील प्रधान के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय छात्रवृत्ति परीक्षा उत्तीर्ण, क्षेत्र में खुशी का माहौल।
दुर्गेश भोई की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधान पाठक श्री रामनाथ साव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल के शासकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उचित मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास से वे किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।
दुर्गेश की सफलता में शिक्षक श्री सुशील प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने छात्र को परीक्षा के पैटर्न, मानसिक योग्यता परीक्षण (MAT) और शैक्षणिक योग्यता परीक्षण (SAT) की नियमित एवं व्यवस्थित तैयारी कराई। शिक्षक के मार्गदर्शन और छात्र की मेहनत के बल पर दुर्गेश ने यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार NMMSE परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को शासन की ओर से छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है, जिससे उनकी आगे की पढ़ाई में आर्थिक सहयोग मिलता है। यह योजना प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
दुर्गेश भोई की इस सफलता पर शाला प्रबंधन समिति (SMC), विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए छात्र और मार्गदर्शक शिक्षक सुशील प्रधान को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।


