बसना(जीतयादव)।बसना क्षेत्र में एक लापता युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव पौंसरा गांव के समीप एक आम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
7 मार्च से लापता युवक का बसना के पौंसरा गांव के पास आम के पेड़ पर फांसी लगाकर की आत्महत्या।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सूरज महेंद्र (27 वर्ष) पिता स्व. डोमार सिंह महेंद्र, निवासी ग्राम रिकोकला, सांकरा (जोंक) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सूरज 7 मार्च 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह बल्दीडीही घूमने जा रहा है, लेकिन उसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा।

काफी समय तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसी दौरान बसना थाना क्षेत्र के पौंसरा गांव के पास ग्रामीणों ने एक आम के पेड़ पर युवक को फांसी के फंदे से लटका देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस और परिजनों को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लापता युवक के शव को पेड़ से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल बन गया। परिजन इस घटना से गहरे सदमे में हैं।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।




