पिथौरा(जीतयादव)। जिले में संचालित “समाधान सेल” की सूचना पर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। चौकी बया पुलिस ने अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए ले जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
बया पुलिस की कार्रवाई, अवैध शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त; आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आम नागरिकों की शिकायतों और सूचनाओं के त्वरित निराकरण के लिए जिले में “समाधान सेल” योजना संचालित की जा रही है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 10 जून 2026 को समाधान सेल में सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी.शर्मा के निर्देशन में चौकी बया पुलिस ने ग्राम बया क्षेत्र में घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई, जिसके कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई।
पुलिस ने जब्त शराब की कीमत करीब 3,200 रुपये आंकी है। इसके अलावा शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG06 GK 5053 को भी जब्त कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हेकनाथ सेन (36 वर्ष), निवासी ग्राम लक्ष्मीपुर, थाना पिथौरा, जिला महासमुंद बताया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अपराध या शिकायत की जानकारी समाधान सेल हेल्पलाइन 94792 20392 पर कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


