महासमुंद(जीतयादव)। जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बागबाहरा, तेंदूकोना और सांकरा पुलिस ने संयुक्त रूप से कई स्थानों पर दबिश देकर 132 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है। जब्त शराब की कुल कीमत लगभग 44 हजार रुपये आंकी गई है।
बागबाहरा, तेंदूकोना और सांकरा में छापेमारी; 150 किलो महुआ लाहन नष्ट, आबकारी एक्ट में कार्रवाई जारी।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान शराब बनाने में प्रयुक्त बर्तन एवं अन्य सामग्री भी जब्त की है। साथ ही लगभग 150 किलो महुआ लाहन (कच्चा माल) को मौके पर ही नष्ट किया गया। इस कार्रवाई में चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर चार आरोपियों को आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
थाना बागबाहरा की कार्रवाई।
थाना बागबाहरा पुलिस ने ग्राम हरनादादर में दबिश देकर 95 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब (कीमत करीब 19 हजार रुपये) जब्त की। इस मामले में धीरज देवांगन (27 वर्ष) और रमेश डहरिया (62 वर्ष), दोनों निवासी हरनादादर, को गिरफ्तार किया गया।
थाना तेंदूकोना की कार्रवाई।
तेंदूकोना थाना क्षेत्र के भुरकोनी (चौकी बुंदेली) में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 12 लीटर महुआ शराब (कीमत लगभग 2400 रुपये) जब्त की। आरोपी रेवाराम सोनी (51 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
थाना सांकरा की कार्रवाई।
सांकरा पुलिस ने ग्राम सावित्रीपुर में दबिश देकर 25 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत लगभग 5 हजार रुपये) जब्त की। आरोपी बिच्छू कुमार रात्रे (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक कुल 1681.640 लीटर अवैध महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 3 लाख 97 हजार रुपये है, जब्त की जा चुकी है।
वर्तमान तक 101 प्रकरणों में 115 व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।







