रायगढ़(जीतयादव)। “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 52 लीटर से अधिक अवैध महुआ शराब जब्त की है। इस दौरान शराब निर्माण उपकरण, बिक्री रकम और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। पुलिस ने कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
छाल, पूंजीपथरा और जोबी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, अवैध महुआ शराब तस्करों पर लगातार कड़ा प्रहार।
जोबी पुलिस चौकी की टीम ने मिनगादादर खार क्षेत्र में दबिश देकर खेत में अवैध शराब बना रहे दो सगे भाइयों को पकड़ा। आरोपियों की पहचान राजेश्वर कुमार मझवार और रतिया राम मझवार निवासी गोनापारा जोबी के रूप में हुई है। मौके से 15 लीटर महुआ शराब, बिक्री रकम और शराब बनाने के उपकरण जब्त किए गए।
वहीं थाना पूंजीपथरा पुलिस ने स्केनिया फैक्ट्री के पीछे घेराबंदी कर मोटरसाइकिल से शराब परिवहन कर रहे रवि उरांव को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 30 लीटर कच्ची महुआ शराब और एक पैशन मोटरसाइकिल बरामद हुई।

इसी तरह थाना छाल पुलिस ने ग्राम हाटी बाजारपारा में कार्रवाई करते हुए आसिफ खान को 7 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध शराब निर्माण, परिवहन और बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।



