सरायपाली(जीतयादव)। अवैध नशीली कफ सिरप की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नशीली कफ सिरप की 27 बोतलें बरामद की हैं।
सिंघोड़ा क्षेत्र में एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स की कार्रवाई, 27 बोतल कफ सिरप और बाइक जब्त।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लगातार चेकिंग के दौरान सूचना मिली थी कि ग्रे रंग की होंडा साइन मोटरसाइकिल (क्रमांक OR 15 M 1143) में एक व्यक्ति अवैध कफ सिरप लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर वाहन की जांच शुरू की।
![]()
कुछ समय बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर चालक से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद रियाज (46 वर्ष) निवासी मोतीझरन थाना धनुपाली जिला संबलपुर (ओडिशा) बताया। वह वर्तमान में बसना के वार्ड नंबर 15 में किराये के मकान में रह रहा था।

पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उसके पास रखे कपड़े के थैले से 27 नग (100-100 एमएल) विंग्स फार्मा कंपनी का विन्सेरेक्स कफ सिरप बरामद हुआ, जिसकी कुल मात्रा 2700 एमएल है और कीमत लगभग 5492.88 रुपये बताई गई है। इसके साथ ही परिवहन में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये है। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत 20,492.88 रुपये आंकी गई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह नशीली कफ सिरप संबलपुर (ओडिशा) से बसना (महासमुंद) ला रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(C) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।यह पूरी कार्रवाई एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस टीम द्वारा की गई।



