महासमुंद(जीतयादव)।महासमुंद पुलिस ने विशेष अभियान के तहत आर्म्स एक्ट के दो अलग-अलग प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस द्वारा दर्ज अपराध क्रमांक 85/2026 एवं 86/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट में यह कार्रवाई की गई।
विशेष अभियान के दौरान पकड़े गए युवक, आर्म्स एक्ट के तहत न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक संजय कानन गार्डन के सामने तथा दूसरा भलेसर रोड क्षेत्र में हाथ में धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में पुरन साहू उर्फ मोनू (19 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 05 नयापारा, महासमुंद तथा नरेन्द्र साहू (28 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 05 भाऊ किराना स्टोर्स के पास, महासमुंद शामिल हैं। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से एक-एक धारदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस जांच में पाया गया कि आरोपियों का कृत्य आर्म्स एक्ट की धारा 25 के अंतर्गत अपराध की श्रेणी में आता है। इसके बाद विधिवत कार्रवाई करते हुए दोनों को 20 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।




