सरायपाली(जीतयादव)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार प्रहार करते हुए ANTF और थाना सिंघोड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में 35 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत 17 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
ANTF ने एनएच-53 रेहटीखोल में नाकाबंदी कर पकड़ी गई कार; 29.80 लाख की संपत्ति जब्त।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की वेरना एचएक्स कार (क्रमांक MP 07 ZZ 5221) ओडिशा की ओर से गांजा लेकर आ रही है। सूचना पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल में नाकाबंदी की गई। कुछ समय बाद संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे बने चेंबर से 35 किलो गांजा बरामद हुआ। वाहन में सवार चालक पंकज राठौर (22 वर्ष) और उसके साथी हेमंत सिंह तोमर (22 वर्ष), दोनों निवासी जिला मुरैना (मध्यप्रदेश), को मौके पर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा को पदमपुर (ओडिशा) से मुरैना (मध्यप्रदेश) ले जा रहे थे।

ANTF पुलिस ने गांजे के साथ परिवहन में प्रयुक्त कार (कीमत लगभग 12 लाख रुपये), दो मोबाइल फोन (कीमत 25 हजार रुपये) और 5 हजार रुपये नगद जब्त किए। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 29 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है।आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(सी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
महासमुंद पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 2718.141 किलोग्राम गांजा (कीमत 13 करोड़ 56 लाख 63 हजार रुपये) जब्त किया जा चुका है तथा 117 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से 88 आरोपी छत्तीसगढ़ के बाहर के हैं। ANTF पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गांजा तस्करी के सोर्स प्वाइंट से लेकर डेस्टिनेशन प्वाइंट तक कार्रवाई जारी रहेगी। इस बड़ी सफलता से अंतरराज्यीय तस्करों में हड़कंप मच गया है।



