रायपुर(जीतयादव)।राजीव भवन में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरायपाली विधानसभा की विधायक चातुरी नंद सहित प्रदेश के सभी कांग्रेस विधायक शामिल हुए।बैठक के दौरान प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तृत चर्चा की गई। विशेष रूप से आगामी बजट सत्र को ध्यान में रखते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सदन में उठाने की रणनीति तैयार की गई। 
राजीव भवन डॉ. चरणदास महंत की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल की बैठक आयोजित की गई।
विधायकों ने महंगाई, किसानों की समस्याओं, युवाओं के रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे विषयों पर सरकार को घेरने की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया।नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सभी विधायकों से एकजुटता के साथ जनता की आवाज को सदन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक दल प्रदेश के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है और बजट सत्र में जनसमस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा।

इस अवसर पर नवनियुक्त उपनेता प्रतिपक्ष श्री लखेश्वर बघेल, मुख्य सचेतक श्री दलेश्वर साहू एवं उप सचेतक श्री दिलीप लहरिया को उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दी गईं। बैठक में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री दीपक बैज तथा पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल भी उपस्थित रहे।

बैठक का उद्देश्य संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ विधानसभा में प्रभावी भूमिका निभाने की तैयारी करना था। कांग्रेस विधायक दल ने आगामी सत्र में जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने और सरकार की नीतियों पर सार्थक बहस करने का संकल्प दोहराया।



