रायपुर। किसानों के लिए 30 अक्टूबर का दिन आर्थिक सहायता के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा। पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने के अवसर पर राजधानी रायपुर में पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय शामिल हुए और किसानों को मिलने वाली आर्थिक सहायता को खेती-किसानी के लिए महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर में पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में हुए शामिल, देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में पहुंची सम्मान निधि।
यह कार्यक्रम इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित हुआ। इसी दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से देशभर के 9 करोड़ 34 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की।

छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि की किस्त में बड़ी राहत मिली। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश के 24 लाख 59 हजार 707 किसानों के खातों में 498 करोड़ 48 लाख रुपये अंतरित किए गए हैं। योजना शुरू होने से अब तक छत्तीसगढ़ के किसानों को 24 किस्तों में 11,776 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक की राशि मिल चुकी है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना विशेष रूप से छोटे और सीमांत किसानों के लिए आर्थिक संबल बनी है। इससे किसानों को बीज, खाद, उर्वरक और खेती से जुड़ी अन्य जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि से ही गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, खुलेंगे 360 नए केंद्र।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान उपार्जन केंद्र भी खोले जाएंगे। उन्होंने बताया कि राज्य में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की व्यवस्था की गई है।
प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को भी मिलेगी सहायता।
मुख्यमंत्री ने चक्रवात अर्नब के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि सभी जिला कलेक्टरों को फसल क्षति का तत्काल सर्वे कराने के निर्देश दिए गए हैं। सर्वेक्षण के आधार पर प्रभावित किसानों को आरबीसी 6-4 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
पीएम किसान सम्मान निधि कार्यक्रम में राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, कौशल विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहब, छत्तीसगढ़ बीज विकास निगम के अध्यक्ष श्री चन्द्रहास चन्द्राकर सहित जनप्रतिनिधि, कृषि विशेषज्ञ, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।



