महासमुंद। पुराने बर्तनों को नया बनाने और सोने-चांदी के आभूषणों की डिजाइन बदलने का झांसा देकर महिलाओं से ठगी करने के मामले में तेंदूकोना पुलिस ने झारखंड की 20 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से करीब 70 हजार रुपए कीमत का सोने का माला, मोबाइल फोन, छोटी डिजिटल तौल मशीन और विभिन्न धातुओं के बर्तन बरामद किए हैं।
महिलाओं से लिए सोने के गहने और पुराने बर्तन लेकर हुई थी फरार, पुलिस ने 70 हजार रुपए के सोने के आभूषण समेत मोबाइल, डिजिटल कांटा और बर्तन किए बरामद।
पुलिस के अनुसार, 15 से 17 अक्टूबर 2026 के बीच तेंदूकोना थाना क्षेत्र में एक महिला घर-घर जाकर लोगों को पुराने और टूटे-फूटे बर्तन नए बनाने का भरोसा दिला रही थी। वह महिलाओं को सोने-चांदी के आभूषणों की डिजाइन बदलने और उन्हें कंप्यूटर से स्कैन कर नया रूप देने का झांसा भी देती थी। उसकी बातों पर भरोसा कर कुछ महिलाओं ने अपने कीमती आभूषण और बर्तन उसे सौंप दिए। आरोप है कि सामान वापस करने के बजाय महिला वहां से फरार हो गई।
इस मामले में तेंदूकोना निवासी कीर्ति दीवान की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 139/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(3) और 318(4) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपिया की पहचान गीता देवी, पति पोचन मल्हार, निवासी काटाटोली, जिला रांची (झारखंड) के रूप में की। पुलिस ने 23 अक्टूबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपिया के पास से गेहूं के दाने के आकार के 10 सोने के नगों वाला एक माला, जिसकी अनुमानित कीमत 70 हजार रुपए बताई गई है, एक मोबाइल फोन, छोटी डिजिटल तौल मशीन तथा स्टील, जर्मन, पीतल और कांसे के बर्तन जब्त किए गए हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
महासमुंद पुलिस की अपील: पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पुराने बर्तन चमकाने या आभूषणों की डिजाइन बदलने का झांसा देने वाले अनजान लोगों को अपना कीमती सामान न सौंपें। घर-घर घूमने वाले अनजान फेरीवालों और खरीद-बिक्री करने वालों से सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को दें।


