बसना। बसना विकासखंड के ऐतिहासिक गांव गढ़फुलझर में शनिवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रसिद्ध श्री रणेश्वर रामचंडी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और प्रगति की कामना की। इसके बाद उन्होंने 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित सर्वमंगल भवन का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 50 लाख रुपये की लागत से डोम (शेड) निर्माण कराने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा—2024 में किए गए विकास के वादे अब धरातल पर उतर रहे; तालाब सौंदर्यीकरण और सड़क निर्माण के कार्य भी जारी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2024 में क्षेत्र के विकास को लेकर किए गए वादे अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं। सरकार बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। क्षेत्र में 48 लाख रुपये की लागत से मानसरोवर तालाब का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। इसके अलावा करीब पौने दो किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिस पर 3.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

स्थानीय लोगों की मांग पर मुख्यमंत्री ने रामचंडी मंदिर परिसर में डोम निर्माण की घोषणा की। वहीं, क्षेत्र में सैनिक स्कूल की स्थापना के प्रस्ताव सहित अन्य मांगों पर नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए साय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने का काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्रतिदिन करीब 1,600 आवासों का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने सुशासन और पारदर्शिता के लिए डिजिटल सेवाओं के महत्व पर भी बात रखी।

कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं संबलपुर सांसद धर्मेंद्र प्रधान, जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल, सांसद रूपकुमारी चौधरी, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा और बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कोलता समाज की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज शिक्षा, समृद्धि और उच्च सामाजिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि कोलता समाज ने अन्य समाजों के सामने भी एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। साय ने किसानों, तेंदूपत्ता संग्राहकों और मजदूरों के कल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है।




