बसना। ग्वालियर में 2 से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित क्षेत्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसना के भैया-बहनों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक और बालिका दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ दोनों विजेता टीमों ने अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए भी अपना स्थान पक्का कर लिया है।
ग्वालियर की क्षेत्रीय प्रतियोगिता में दोनों टीमों ने हासिल की जीत, बसना के खिलाड़ियों का अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन।
प्रतियोगिता में चार क्षेत्रों से चयनित खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बाल वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बसना के भैया वर्ग की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बहनों की टीम ने भी प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
पूरी प्रतियोगिता के दौरान दोनों टीमों ने अनुशासन, आत्मविश्वास, आपसी समन्वय और संघर्षशीलता का परिचय देते हुए शानदार खेल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के बेहतर तालमेल और निरंतर प्रयास का परिणाम रहा कि दोनों टीमें विजेता बनने में सफल रहीं।
क्षेत्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर बसना की भैया-बहनों की दोनों विजेता टीमों का अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। चयनित खिलाड़ी 22 से 26 अक्टूबर 2026 तक ग्वालियर में आयोजित अखिल भारतीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
इस उपलब्धि पर विद्यालय समिति, प्राचार्य, प्रधानाचार्य, आचार्य एवं दीदीगण ने विजेता खिलाड़ियों और क्रीड़ा प्रमुख को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर बसना और विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।


