बसना। बड़े टेमरी में रविवार रात पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते गंभीर घटना में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने ट्रैक्टर की जैक रॉड से पत्नी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला किचन में ही गिरकर बेहोश हो गई। बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
पति-पत्नी के विवाद ने लिया खूनी रूप, बड़े टेमरी में गंभीर चोट के बाद महिला ने तोड़ा दम; बसना पुलिस ने शुरू की जांच।
मृतका की पहचान सुभाषिनी साव (45 वर्ष), पति बालक राम साव के रूप में हुई है। बताया गया कि रविवार रात करीब 8:30 बजे सुभाषिनी खाना खाने के बाद घर के किचन में पोछा लगा रही थी। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर पति ने घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर की जैक रॉड उठाकर पत्नी पर हमला कर दिया।
परिजनों के अनुसार, महिला के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद वह किचन में ही गिरकर बेहोश हो गई। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर बसना थाना पुलिस बड़े टेमरी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
परिजनों का कहना है कि बालक राम साव की मानसिक स्थिति पिछले करीब डेढ़ वर्ष से ठीक नहीं थी और उसका रायपुर में इलाज चल रहा था। परिवार के मुताबिक, मानसिक स्थिति बिगड़ने पर वह कई बार पत्नी के साथ मारपीट करने पर उतारू हो जाता था। परिजनों ने यह भी बताया कि वह पहले पत्नी को कृषि उपकरणों से मारने की बात कह चुका था। इसी वजह से घर में रखे फावड़ा, कुदारी सहित अन्य कृषि उपकरणों को एक कमरे में ताला लगाकर रखा जाता था।
घटना की खबर फैलते ही बड़े टेमरी और आसपास के गांवों में चर्चा का माहौल बन गया। पुलिस घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों के आधार पर की जाएगी।


