बसना(जीतयादव)। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS) में शासकीय प्राथमिक शाला करनापाली, विद्यालय के चार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थियों में लोकेश्वरी दीवान, डीगेश सिदार, दिनेश कुमार दीवान एवं जयंती नेताम शामिल हैं। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय, अभिभावकों एवं पूरे ग्राम में खुशी का माहौल है।
एकलव्य आवासीय विद्यालय (EMRS) में लोकेश्वरी दीवान, डीगेश सिदार, दिनेश कुमार दीवान और जयंती नेताम ने बढ़ाया विद्यालय का गौरव।
विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान चयनित छात्र-छात्राओं का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और लगन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रधान पाठक गिरधारी साहू ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता अन्य बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत है। एकलव्य आवासीय विद्यालय (EMRS) के चयन में शासकीय प्राथमिक शाला करनापाली के शिक्षक वीरेंद्र कुमार कर ने बताया कि सत्र 2026-27 में जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। छात्र प्रियांश साहू ने 100 में 100 अंक प्राप्त कर महासमुंद जिले में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि जयंती नेताम ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में 12वां स्थान अर्जित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक, ग्रामवासी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


