बसना(रूपानंद साव)। बसना के वर्तमान तहसीलदार कृष्णकुमार साहू के डिप्टी कलेक्टर पद पर पदोन्नत होने पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर तहसील साहू संघ बसना एवं समाज के गणमान्य नागरिकों ने सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समाजजनों ने इसे पूरे साहू समाज और क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
बसना में आयोजित सम्मान समारोह में समाजजनों ने दी बधाई, उपलब्धि को बताया प्रेरणादायक।
सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि कृष्णकुमार साहू ने अपने प्रशासनिक कार्यकाल में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनहितकारी कार्यशैली का परिचय दिया है। उन्होंने निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता के साथ प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन कर लोगों का विश्वास जीता है। उनकी पदोन्नति युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि मेहनत, लगन और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
तहसील साहू संघ बसना के पूर्व संरक्षक जन्मजय साव ने कहा कि कृष्णकुमार साहू की सफलता समाज के युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। वहीं जिला साहू संघ के मीडिया प्रभारी नवीन कुमार साव ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे अपने नए दायित्व में भी उत्कृष्ट कार्य कर क्षेत्र और समाज का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम में रूपानंद साव, कृष्णा साहू, हेमप्रकाश साव, खिरसागर साव सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने कृष्णकुमार साहू को नवीन दायित्व डिप्टी कलेक्टर के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे डीप्टी कलेक्टर के रूप में भी जनसेवा और प्रशासनिक उत्कृष्टता की नई मिसाल कायम करेंगे।


