बसना(जीतयादव)। ग्राम पंचायत गढ़पटनी में पंचायत प्रशासन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से पंचायत की पांच स्थायी समितियों का सर्वसम्मति से गठन किया गया। आयोजित बैठक में सरपंच, सचिव एवं समस्त पंचगण की उपस्थिति में विभिन्न समितियों के सभापति, सदस्यों एवं सचिवों का चयन किया गया। नई समितियों के गठन से पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
ग्राम पंचायत गढ़पटनी में सर्वसम्मति से चुने गए सभापति, सदस्य और सचिव; पंचायत के समग्र विकास का लिया संकल्प।
बैठक में सामान्य प्रशासन समिति एवं ग्राम एवं जल स्वच्छता समिति के सभापति के रूप में लक्ष्मी प्रसाद पटेल का चयन किया गया। वहीं शिक्षा एवं स्वास्थ्य समिति के सभापति रोशन पटेल तथा कृषि एवं राजस्व एवं वन समिति के सभापति प्रवीण कैवर्त बनाए गए। निर्माण एवं विकास समिति की जिम्मेदारी भी लक्ष्मी प्रसाद पटेल को सौंपी गई। विभिन्न समितियों में तिलोत्तमा सोनी, निर्मला चौहान, माधुरी पटेल, सविता भोई, मनीषा पटेल, मनोहर पटेल, जितेन्द्र निषाद, अमरिका पटेल एवं रोशन पटेल को सदस्य के रूप में शामिल किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सामान्य प्रशासन, निर्माण एवं विकास तथा ग्राम एवं जल स्वच्छता समितियों के सचिव के रूप में जयनारायण भोई कार्य करेंगे। कृषि एवं राजस्व एवं वन समिति के सचिव का दायित्व पटवारी को तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य समिति के सचिव का दायित्व सरविन्द सिदार को सौंपा गया।
इस अवसर पर सरविन्द सिदार ने सभी नव-निर्वाचित सभापतियों, सदस्यों एवं सचिवों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्राम पंचायत के विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण के लिए सभी को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी समितियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए ग्राम पंचायत गढ़पटनी के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।


