बलौदाबाजार(जीतयादव)। बिलासपुर के सरकंडा मैदान में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता दक्षिण कोशल कप 2026 का खिताब बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस टीम ने अपने नाम कर लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में टीम ने बिलासपुर पुलिस को 5 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में राज्यभर की 48 टीमों ने हिस्सा लिया था।
दक्षिण कोशल कप 2026 में विजेता टीम को मिला 1 लाख रुपये और ट्रॉफी।
छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी कर्मचारी संघ के तत्वावधान में आयोजित दक्षिण कोशल कप 2026 टूर्नामेंट की शुरुआत 27 अप्रैल 2026 से हुई थी। प्रतियोगिता में 20 जिलों के विभिन्न शासकीय विभागों, प्राइवेट संस्थानों और संविदा कर्मचारियों की टीमों ने भाग लिया। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस टीम ने लीग मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर पुलिस बी और सी टीम, शिक्षा विभाग मस्तूरी, बलरामपुर तथा सेमीफाइनल में जल संसाधन विभाग बिलासपुर को हराकर फाइनल में जगह बनाई।
दक्षिण कोशल कप 2026 फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 80 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कमलेश मरावी, भूपेंद्र वर्मा और त्रिलोक चंद्र साहू ने महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर पुलिस टीम को द्वारिका साहू, प्रीतम पाटले और नंद किशोर वर्मा की सटीक गेंदबाजी ने अंत तक बांधे रखा। आखिरी गेंद पर जीत के लिए जरूरी रन नहीं बना पाने के कारण बिलासपुर टीम 5 रन से मुकाबला हार गई।
विजेता बनने पर बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस टीम को एक लाख रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं पूरे टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी के लिए आरक्षक त्रिलोक चंद्र साहू को “बेस्ट बॉलर” चुना गया और उन्हें रेंजर साइकिल व कप देकर सम्मानित किया गया। फाइनल मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले आरक्षक द्वारिका साहू को “मैन ऑफ द मैच” का पुरस्कार देते हुए एलसीडी टीवी प्रदान किया गया।
टीम की इस उपलब्धि पर पुलिस विभाग और जिलेवासियों में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों को लगातार बधाइयां मिल रही हैं।



