बसना(जीतयादव)।जिले में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण एवं नशे के कारोबार पर रोक लगाने हेतु महासमुंद पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है। ANTF एवं थाना सांकरा पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम सागुनढाप कोड़ाडीपा के सौरखार क्षेत्र में अवैध महुआ शराब बनाने वालों पर छापामार कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
नशे के कारोबार पर करारा प्रहार, सांकरा पुलिस व ANTF की छापेमारी से मचा हड़कंप।
पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि ग्राम सागुनढाप-कोड़ाडीपा के सौरखार के पास चोरी-छिपे कच्ची महुआ शराब बनाने का कार्य किया जा रहा है। सूचना के आधार पर दिनांक 13 फरवरी 2026 को शाम लगभग 5 बजे ANTF व सांकरा पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी। छापामारी के दौरान पुलिस ने मौके से 45 लीटर कच्ची महुआ शराब जप्त की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 9,000 रुपये बताई जा रही है।

कार्यवाही के दौरान मौके से तीन व्यक्तियों को अवैध रूप से महुआ शराब बनाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम सार्तिक जमींदार पिता समारु (उम्र 50 वर्ष), देवेंद्र कुमार जमींदार पिता शिवचरण जमींदार (उम्र 26 वर्ष) एवं श्रीकांत जमींदार पिता कार्तिक जमींदार (उम्र 19 वर्ष) निवासी कोड़ाडीपा, थाना सांकरा, जिला महासमुंद बताए गए हैं। तीनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत विधिवत कार्यवाही कर न्यायालय में पेश किया गया।

ANTF व पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक 182 प्रकरणों में 3225.940 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की जा चुकी है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख 19 हजार 200 रुपये है। इस अभियान के अंतर्गत 224 व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की जा चुकी है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ ऐसी कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी। आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।




