महासमुंद(जीतयादव)।एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) एवं थाना तुमगांव पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। यह वर्ष 2026 की 28वीं बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है, जिसमें कुल 21 किलो 300 ग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 50 हजार रुपये है।
ANTF की 28वीं कार्रवाई, गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़।
इस कार्रवाई में मध्यप्रदेश और ओडिशा के 5 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा के साथ-साथ परिवहन में प्रयुक्त 2 स्कूटी (टीवीएस जुपिटर एवं बजाज प्लेटीना), जिनकी कीमत लगभग 2 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है, तथा 5 टच स्क्रीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 12 लाख 87 हजार रुपये आंकी गई है।

ANTF पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक कुल 2145.016 किलो अवैध मादक पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं तथा 73 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से 60 आरोपी राज्य के बाहर के तस्कर हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि अंतरराज्यीय गिरोह छत्तीसगढ़ को नशे की तस्करी का माध्यम बनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस की सतर्कता से ऐसे प्रयास लगातार विफल हो रहे हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में देवा मंडल उर्फ बबई और सकिल खान (जिला नुआपाड़ा, ओडिशा), शुभम गोटिया उर्फ शुब्बू और सोमेत सोनकर उर्फ ओम (जिला जबलपुर, मध्यप्रदेश) शामिल हैं, जबकि एक आरोपी विधि से संघर्षरत बालक है।
आरोपियों के विरुद्ध नारकोटिक एक्ट की धारा 20ख के तहत थाना तुमगांव में अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस द्वारा पूरे नेटवर्क की एंड टू एंड एवं फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन जारी है। आम जनता से अपील की गई है कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस या ANTF को गोपनीय रूप से दें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाया जा सके।



