महासमुंद(जीतयादव)।समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत जिले के विभिन्न विकासखंडों से चयनित प्रारंभिक एवं सेकेंडरी स्तर के छात्र-छात्राओं को राज्य के बाहर ओडिशा में एक प्रेरणादायी और ज्ञानवर्धक शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाया गया। यह भ्रमण विद्यार्थियों के भीतर वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार की भावना को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
यह शैक्षणिक भ्रमण जिला कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश नंदनवार, जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे एवं जिला परियोजना अधिकारी रेखराज शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। भ्रमण का नेतृत्व सहायक कार्यक्रम समन्वयक श्रीमती सम्पा बोस एवं सुबोध कुमार तिवारी ने किया। जिले के सभी विकासखंडों से आठ प्रभारी शिक्षकों के साथ 22 छात्र-छात्राएं इस भ्रमण में शामिल रहे।
“राष्ट्रीय आविष्कार अभियान” छात्रों को नवाचार और खोज की ओर प्रेरित करता अभियान
विद्यार्थियों ने भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र, आउटडोर साइंस पार्क, विज्ञान एवं गणित दीर्घा, 3D शो, अंतरिक्ष विज्ञान, सौर परिवार, पृथ्वी विज्ञान, प्रागैतिहासिक जीवन पार्क सहित कई ज्ञानवर्धक स्थलों का भ्रमण किया। इन गतिविधियों ने छात्रों को करके सीखने, देखकर समझने और वैज्ञानिक अवधारणाओं को व्यवहारिक रूप में आत्मसात करने का सशक्त अवसर प्रदान किया।

इसके साथ ही विद्यार्थियों ने देश की उच्च रैंकिंग प्राप्त शैक्षणिक संस्था कलिंगा आईआईटी का भ्रमण कर शिक्षण एवं शोध की बारीकियों को समझा। वहीं कोणार्क सूर्य मंदिर में अद्भुत वास्तुकला के साथ छिपी वैज्ञानिक अवधारणाओं को जानकर छात्र-छात्राएं अत्यंत उत्साहित नजर आए।
अधिकारियों ने बताया भ्रमण का महत्व
सहायक कार्यक्रम समन्वयक सम्पा बोस ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में जिज्ञासा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और पर्यावरणीय जागरूकता को बढ़ाते हैं तथा विज्ञान को सरल, रोचक और मनोरंजक बनाते हैं। वहीं सुबोध कुमार तिवारी ने कहा कि इस प्रकार के भ्रमण छात्रों को व्यवहारिक अनुभव प्रदान करते हैं, जो पुस्तकीय ज्ञान से कहीं अधिक प्रभावी होते हैं।डीएमसी रेखराज शर्मा ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों की निरीक्षण शक्ति, कल्पनाशीलता और नवाचार क्षमता का विकास होता है।
छात्रों ने साझा किए अनुभव
शैक्षणिक भ्रमण में शामिल छात्रा अदिति पाठक, छाया, आरती साहू एवं शिक्षिका मनप्रीत कौर बग्गा सहित अन्य प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह भ्रमण अत्यंत सफल, ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी रहा। छात्रों ने कहा कि सीखने का यह अनुभव जीवनभर स्मरणीय रहेगा।






