महासमुंद(जीतयादव)।जिले में बढ़ते साइबर अपराधों और सामाजिक समस्याओं को देखते हुए महासमुंद पुलिस द्वारा “नवा बिहान साइबर जागरूकता अभियान” के तहत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। इस अभियान के माध्यम से साइबर अपराध, अभिव्यक्ति ऐप, नशा मुक्ति, महिला संबंधी अपराध और यातायात सुरक्षा को लेकर आमजन को जागरूक किया गया।
यह अभियान ग्राम झलप हाट बाजार, ग्राम बेमचा हाई स्कूल, महासमुंद बस स्टैंड, ग्राम टेका चौकी टुहलू, ग्राम बलौदा धनुजात्रा मेला, ग्राम गड़बेड़ा मड़ाई एवं ग्राम पटेवा हाट बाजार सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित किया गया।
साइबर अपराधों से बचाव की दी गई जानकारी
पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को साइबर स्टाकिंग, फेक प्रोफाइल और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी गई। लोगों से कहा गया कि सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत एवं संवेदनशील जानकारी साझा न करें और मजबूत पासवर्ड का उपयोग करें।
साथ ही फेक ट्रेडिंग ऐप, सेक्सटॉर्शन, डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी, फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर धमकाने तथा एपीके फाइल या अनजान लिंक खोलने से होने वाले नुकसान के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
1930 टोल फ्री नंबर का किया गया प्रचार
पुलिस ने बताया कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन फ्रॉड की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा नजदीकी पुलिस थाना या साइबर सेल में भी रिपोर्ट करने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।
सोशल मीडिया पर सावधानी जरूरी
अभियान के दौरान नागरिकों को समझाया गया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट बिना सत्यापन स्वीकार न करें।साथ ही साइबर बुलिंग, फेक प्रोफाइल और आपत्तिजनक गतिविधियों की तुरंत रिपोर्ट करने, थर्ड पार्टी ऐप्स या संदिग्ध लिंक से दूरी बनाए रखने और बिना पुष्टि किए फॉरवर्डेड मैसेज या पोस्ट शेयर न करने की अपील की गई।
व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर प्राइवेसी सेटिंग और टू-स्टेप वेरिफिकेशन ऑन करने की भी सलाह दी गई।
ठगी से बचने के लिए दी गई अहम हिदायतें
पुलिस ने लोगों को आगाह किया कि
अनजान नंबर से आए वीडियो कॉल अटेंड न करें
किसी परिचित के नाम पर पैसे की मांग होने पर खुद फोन कर पुष्टि करें
FIR या जेल भेजने की धमकी देने वाले कॉल से न डरें
फोनपे, गूगल पे जैसे माध्यम से अनजान व्यक्ति को पैसे न भेजें
पैसे दोगुना करने जैसे लालच से दूर रहें
नशा मुक्ति, यातायात सुरक्षा और डायल 112 पर भी जोर
अभियान के दौरान नशे के दुष्परिणाम, नशे से बचाव और महिला सुरक्षा को लेकर भी जानकारी दी गई। इसके साथ ही यातायात नियमों का पालन, डायल 112 की उपयोगिता और गौवंश तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
2000 से अधिक लोग हुए लाभान्वित
महासमुंद पुलिस द्वारा मेला-मड़ाई और सार्वजनिक स्थलों पर चलाए गए इस अभियान से लगभग 2000 से अधिक नागरिक, ग्रामीण, छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं लाभान्वित हुए।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि लोग सुरक्षित रहें और साइबर अपराधों से समय रहते बचाव कर सकें।








