पिथौरा। स्वामी आत्मानंद हिंदी शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासमुंद में आयोजित जिला स्तरीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी, पश्चिम भारत विज्ञान मेला और क्विज प्रतियोगिता में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिथौरा की बाल वैज्ञानिकों ने शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय के “होम ऑटोमेशन” मॉडल को जोन लेवल के लिए चयनित किया गया, जो सभी के आकर्षण का केंद्र रहा।
यह मॉडल अटल टिंकरिंग लैब प्रभारी एवं प्राचार्य आशाराम बरिहा तथा भौतिकी विभाग के व्याख्याता जी.एम. साहू के मार्गदर्शन में तैयार किया गया था। बाल वैज्ञानिक जागृति सिन्हा ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 100 बाल वैज्ञानिकों ने सतत कृषि, हरित ऊर्जा, जल संरक्षण, स्वच्छता और उभरती तकनीकी विषयों पर अपने मॉडल प्रस्तुत किए। अटल टिंकरिंग लैब, पिथौरा की चार छात्राएं — जागृति सिन्हा, लोकेश्वरी साहू, पारुल रात्रे और आस्था प्रधान — का चयन जिला स्तर से जोन स्तर पर हुआ है।
प्रभारी गुणमणि साहू ने कहा कि इन छात्राओं की यह उपलब्धि पिथौरा और महासमुंद जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बच्चों को विज्ञान और नवाचार से जोड़ने पर विशेष बल दिया।



