बसना। ज्ञान और नवाचार के इस क्वांटम युग में बसना ब्लॉक ने शिक्षा के क्षेत्र में एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता का प्रमाण दिया है। महासमुंद जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय शिक्षक संगोष्ठी में “क्वांटम युग का आगाज : संभावना एवं चुनौती” विषय पर उत्कृष्ट प्रस्तुति देते हुए पीएम श्री सेजेस बसना स्कूल के भौतिकी व्याख्याता अजय कुमार भोई ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बसना का नाम पूरे जिले में गौरवान्वित किया।
वहीं, इसी प्रतियोगिता में सेजेस भंवरपुर स्कूल के व्याख्याता प्रदीप बारीक ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
इसी दिन आयोजित जिला स्तरीय बाल विज्ञान मेला एवं पश्चिम भारतीय विज्ञान मेला में भी बसना ब्लॉक के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। सेजेस भंवरपुर स्कूल के कक्षा 10वीं के छात्र भरत पटेल ने “ग्रीन एनर्जी पर आधारित स्मार्ट स्ट्रीट लाइट मॉडल” प्रस्तुत कर प्रथम स्थान हासिल किया।
इसके अलावा, पीएम श्री सेजेस बसना के छात्र हितेश पटेल और पीयूष प्रधान ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर बसना का गौरव और बढ़ाया।
इन उपलब्धियों से बसना ब्लॉक के शिक्षकों और विद्यार्थियों का मनोबल ऊँचा हुआ है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह उपलब्धि एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्री विशाल जोल्हे, सहायक विकासखंड अधिकारी लोकेश्वर सिंह कंवर, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक अनिल सिंह साव, प्राचार्य के.के. पुरोहित, कार्यक्रम के नोडल प्रभारी योगेश प्रधान तथा सहायक नोडल प्रेमचंद साव ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।



