महासमुंद में 60 वर्षीय महिला का शव मिला, सिर पर चोट के निशान
महासमुंद। जिले में सोमवार सुबह एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान खैरा निवासी झूनी बाई कुर्रे (60 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दो दिन पहले से लापता थीं। शव महासमुंद मुख्यालय से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर भलेसर रोड किनारे मिला है।
सड़क किनारे दिखा शव
स्थानीय लोगों ने सबसे पहले सड़क किनारे महिला का शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल की टीम ने जांच शुरू कर दी।
सिर पर चोट, हत्या का शक
प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या की गई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो पाएगी।
रायपुर भेजा गया शव
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रायपुर के अंबेडकर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच के लिए एफएसएल की टीम ने आसपास से सबूत भी इकट्ठा किए हैं।
परिवार की जानकारी
परिजनों ने बताया कि झूनी बाई शनिवार को बिना किसी को बताए घर से निकल गई थीं। इससे पहले भी वह कई बार इसी तरह घर से चली जाती थीं। दो दिन से लापता रहने के बाद सोमवार को उनका शव मिला।
पुलिस ने दर्ज किया मर्ग
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हत्या के एंगल से मामले की जांच शुरू की है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



