रायगढ़: जिंदल गर्ल्स हॉस्टल में इंजीनियर युवती ने फांसी लगाकर दी जान
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिंदल गर्ल्स हॉस्टल में एक इंजीनियर युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना कोतरा रोड थाना क्षेत्र की है।
पंखे से लटकी मिली लाश
जानकारी के मुताबिक मृतका का नाम मोनालिसा नायक (30) है, जो ओडिशा के केउंझर जिले की रहने वाली थी। वह जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थी और रायगढ़ में हॉस्टल में रह रही थी।
सोमवार दोपहर मोनालिसा ने अपनी सहेली के साथ खाना खाया और फिर कमरे में चली गई। शाम को जब सहेली ने दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद हॉस्टल स्टाफ को बुलाकर मास्टर चाबी से दरवाजा खोला गया। अंदर युवती का शव पंखे से लटका मिला।
कारणों की जांच कर रही पुलिस
सूचना पर कोतरा रोड थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



