महासमुंद: ग्रामीणों ने किया कथित देह व्यापार का भंडाफोड़, चार महिलाएं पकड़ी गईं
महासमुंद । तुमगांव में पुलिस थाना मौजूद होने के बावजूद ग्रामीणों ने खुद एकजुट होकर कथित देह व्यापार का खुलासा किया। रविवार को स्थानीय लोगों ने एनएच-53 किनारे स्थित एक मकान पर धावा बोलकर चार महिलाओं को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक यह मकान लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों का अड्डा बना हुआ था। ग्रामीणों का आरोप है कि वे कई बार पुलिस को सूचना दे चुके थे, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इस बार महिलाओं ने खेत में काम करते हुए जब एक ऑटो से आईं चार महिलाओं की गतिविधियों पर शक किया, तो तुरंत पार्षदों को सूचना दी गई। इसके बाद ग्रामीणों ने योजना बनाकर मकान पर दबिश दी।
मौके से चार युवक खिड़की के रास्ते फरार हो गए, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। पकड़ी गई महिलाओं में से एक महिला पहले भी देह व्यापार के मामले में जेल जा चुकी है। इन महिलाओं के संबंध रायपुर, धमतरी, अंबिकापुर और मुंबई जैसे शहरों से बताए जा रहे हैं।
एएसपी प्रतिभा पांडेय ने पुष्टि की कि पकड़ी गई महिलाओं से थाने में पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि अनैतिक गतिविधियों की सूचना मिलने पर आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



