रायपुर। सूदखोरी, ब्लैकमेलिंग और मारपीट के चर्चित मामले में पुरानी बस्ती पुलिस ने तोमर परिवार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस केस में 2222 पन्नों की पहली चार्जशीट कोर्ट में पेश की है। इसमें कुल पांच आरोपियों को नामजद किया गया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं।
पुलिस के मुताबिक, शुभ्रा सिंह तोमर (41), भावना तोमर (30), दिव्यांश सिंह (25), बंटी सहारे (35) और जीतेंद्र देवांगन (24) के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है। जांच में सामने आया है कि शुभ्रा और भावना ने सूदखोरी के लिए कंपनियां बनाई थीं। इन कंपनियों के जरिए ही कर्ज पर मोटे ब्याज से पैसा बांटा जाता था।
चार्जशीट के अनुसार, सूदखोरी का पूरा कारोबार दिव्यांश सिंह संभालता था। वह कर्जदारों के घर जाकर धमकाता और पैसे वसूलता था। वहीं, बंटी सहारे और जीतेंद्र देवांगन वसूली के साथ-साथ लोगों के घर पर हंगामा करना और सामान जब्त करने का काम करते थे।

इस मामले में वीरेंद्र सिंह तोमर और रोहित तोमर को पुलिस ने फरार बताया है। दोनों का चार्जशीट में जिक्र नहीं है, लेकिन उनकी तलाश जारी है। इसके अलावा योगेश देवांगन और आकाश मिश्रा के खिलाफ भी जांच चल रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने सूदखोरी से कमाए पैसे से कई प्रॉपर्टी खरीदी हैं। अब कोर्ट में जल्द ही इस केस की सुनवाई होगी और आरोप तय किए जाएंगे।



