गरियाबंद में नक्सली साजिश नाकाम, पुलिस ने बरामद किए विस्फोटक और सामान
गरियाबंद। नक्सलियों के मंसूबों पर गरियाबंद पुलिस ने फिर से पानी फेर दिया है। ई-30 ऑपरेशन टीम ने मेचका थाना क्षेत्र के जंगलों और पहाड़ी इलाकों में सर्चिंग अभियान चलाकर तीन अलग-अलग जगहों से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और नक्सली सामान बरामद किया।
जंगलों में छिपा नक्सली सामान मिला, पुलिस ने नाकाम की साजिश
पुलिस को यह सफलता मुखबिर की सूचना पर मिली। बरामद सामग्री में आईईडी, डेटोनेटर, जिलेटिन रॉड, इलेक्ट्रॉनिक वायर, बैटरी, स्टील कंटेनर, दवाइयां, ड्राईफ्रूट और नक्सली साहित्य शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि नक्सली इनका इस्तेमाल सुरक्षा बलों और ग्रामीणों को निशाना बनाने में करने वाले थे।
एसपी का बयान
गरियाबंद एसपी निखिल राखेचा ने इसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि पुलिस लगातार नक्सलियों की योजनाओं को विफल कर रही है। इस तरह के ऑपरेशन से न केवल सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ता है बल्कि ग्रामीणों में भी सुरक्षा का भरोसा मजबूत होता है। उन्होंने साफ किया कि ऐसे सर्च अभियान आगे भी जारी रहेंगे और नक्सलियों पर दबाव बनाए रखा जाएगा।


