सुकमा: शबरी नदी में 12 घंटे से फंसे युवक का रेस्क्यू, वायुसेना ने चलाया ऑपरेशन
सुकमा। जिले के शबरी नदी में 12 घंटे से अधिक समय से फंसे एक युवक को आखिरकार सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यह रेस्क्यू ऑपरेशन जिला प्रशासन, पुलिस, सीआरपीएफ और भारतीय वायुसेना की संयुक्त टीम ने चलाया। युवक नाड़ीगुफा तेलावर्ती इलाके में बाढ़ की तेज धारा में फंस गया था।
तेज बहाव और बड़े पत्थरों के कारण मोटरबोट से रेस्क्यू संभव नहीं हो पाया। प्रशासन और पुलिस की शुरुआती कोशिशें नाकाम रहीं। हालात गंभीर होते देख वायुसेना को बुलाया गया। ड्रोन की मदद से युवक की सही लोकेशन ट्रेस की गई। सोमवार को करीब 12 घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

मौसम अलर्ट
इस बीच मौसम विभाग ने आज कांकेर जिले के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद और नारायणपुर में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और आंधी चलने की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी के नॉर्थ पार्ट में बन रहे लो-प्रेशर एरिया के चलते प्रदेश में अगले दो दिनों तक तेज बारिश की आशंका जताई गई है।



