बसना(जीतयादव)।जिले में एक नाबालिग युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। गर्लफ्रेंड से मिलने गया युवक 14 दिनों तक लापता रहा, जिसके बाद 12 फरवरी को उसका शव जमनीडीह गांव के जंगल में मिला। मृतक की पहचान बलौदाबाजार जिले के ग्राम सर्वा निवासी उद्रेश वर्मा (17 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और दोस्तों ने हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
जमनीडीह गांव में मिला शव, वायरल ऑडियो में युवक डरा-सहमा मदद मांगता सुनाई दिया।
जानकारी के अनुसार, उद्रेश 29 जनवरी को अपने दोस्तों के साथ टूड्री गांव में मड़ई मेला देखने गया था। लौटते समय उसने जमनीडीह गांव में अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने की बात कही। दोस्तों ने मना किया, लेकिन वह नहीं माना और रात करीब 11 बजे दोस्त के मोबाइल से लड़की को कॉल कर उससे मिलने चला गया। इसके बाद से वह लापता हो गया।
30 जनवरी को उद्रेश के दोस्त धर्मेंद्र वर्मा ने भंवरपुर पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। कुछ दिनों बाद युवक का मोबाइल गांव के पास मिला, जिसके आधार पर पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद से तलाश शुरू की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला।

12 फरवरी को तलाशी दल को जमनीडीह गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में उद्रेश का शव मिला। शव के कुछ हिस्से जानवरों द्वारा खाए जाने की बात सामने आई है, जबकि सिर गायब था।इस मामले में एक ऑडियो भी सामने आया है, जिसमें उद्रेश डरे-सहमे स्वर में दोस्तों से लोकेशन भेजने और खुद के भागने की बात कह रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी इस ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस उद्रेश की गर्लफ्रेंड और उसके परिजनों से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि दोनों की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। इधर, शव मिलने के बाद आक्रोशित परिजनों ने 13 फरवरी को भंवरपुर चौकी का घेराव कर न्याय की मांग की।मृतक के मामा कुलेश्वर वर्मा और चाची सोनिया वर्मा ने आरोप लगाया कि यह सीधी हत्या का मामला है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




