सरायपाली(जीतयादव)।संकुल केंद्र सेमलिया का संकुल स्तरीय TLM (Teaching Learning Material) मेला शासकीय उच्च प्राथमिक शाला भुथिया में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री टी.सी. पटेल एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयक श्री देवानंद नायक के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस शैक्षणिक आयोजन का शुभारंभ संकुल प्रभारी श्री विक्रम यादव एवं संकुल समन्वयक श्री कौशल कुमार प्रधान द्वारा माता सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
भुथिया में टीएलएम मेला, नवाचार से सजी शिक्षा की प्रदर्शनी।
TLM मेले में संकुल सेमलिया अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला मुंडपहार, सेमलिया, कुंडापाली, भुथिया, जंगलबेढ़ा, राजाडीह एवं शासकीय उच्च प्राथमिक शाला सेमलिया, भुथिया और जंगलबेढ़ा के शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। शिक्षकों द्वारा NEP 2020 एवं निपुण भारत मिशन के तहत बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान से संबंधित सहायक शिक्षण सामग्रियों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री विक्रम यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि टीएलएम के माध्यम से पढ़ाई को रोचक, सरल और प्रभावी बनाया जा सकता है। इससे बच्चों की समझ, रुचि और सहभागिता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। उन्होंने शिक्षकों की रचनात्मकता और नवाचार की सराहना की।
TLM मेले का मुख्य आकर्षण जिला स्तर पर इंस्पायर अवार्ड के लिए चयनित नवाचारी विज्ञान मॉडल रहे, जो विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने वाले थे। संकुल समन्वयक श्री कौशल कुमार प्रधान ने शिक्षकों की मेहनत की प्रशंसा करते हुए आधुनिक और प्रयोग आधारित शिक्षा पर जोर दिया।

निर्णायक मंडल में मुख्य निर्णायक श्री विक्रम यादव एवं सहायक निर्णायक श्रीमती गुलापिनी भोई, श्री लोकनाथ प्रधान और श्री भगवान साहू शामिल रहे। निर्णायक मंडल द्वारा शासकीय प्राथमिक शाला जंगलबेढ़ा एवं शासकीय उच्च प्राथमिक शाला भुथिया को विकासखंड स्तरीय टीएलएम मेले के लिए चयनित किया गया।
TLM मेले कार्यक्रम के अंत में शासकीय उच्च प्राथमिक शाला भुथिया के प्रधान पाठक श्री निर्मल प्रधान द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया तथा सफल आयोजन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह मेला शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों के लिए प्रेरणादायक एवं शिक्षाप्रद सिद्ध हुआ।




