बसना(जीतयादव)। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बसना में नवीन शिक्षा सत्र के शुभारंभ अवसर पर प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
बसना में नवप्रवेशी बच्चों का तिलक और मिठाई से स्वागत, बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मिला सम्मान।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भगवान गणेश के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय की प्राचार्य गिरिजा साहू ने अतिथियों, पालकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का विकास करना है। उन्होंने पालकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति और शैक्षणिक गतिविधियों में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
मुख्य अतिथि बसना विधानसभा विधायक डॉ. श्री संपत अग्रवाल ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनके नए शैक्षणिक जीवन की शुरुआत कराई। वहीं प्राचार्य गिरिजा साहू ने बच्चों को गुलाल का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं लेखन सामग्री भी वितरित की गई।
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कक्षा 12वीं अंग्रेजी माध्यम से तेजस्वनी साव और तस्मियां खान, कक्षा 12वीं हिंदी माध्यम से भावेश प्रधान और मीमसाद खान, कक्षा 10वीं अंग्रेजी माध्यम से हितेश पटेल और खुशी विशाल, तथा कक्षा 10वीं हिंदी माध्यम से हेमंत साव और लक्ष्मीप्रसाद साखरे को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत बसना अध्यक्ष डॉ. खुशबू अग्रवाल, उपाध्यक्ष शीत गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र यादव, युवा मोर्चा महामंत्री नवीन भट्ट, भाजपा नेता अमृत चौधरी, सांसद प्रतिनिधि लोकनाथ डडसेना, पार्षद संगीता खुटे, मीडिया प्रभारी सुखदेव वैष्णव, विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्री विशाल जोल्हे, बीआरसी अनिल साव तथा एसएमडीसी अध्यक्ष एन.एल. भोई सहित बड़ी संख्या में पालकगण, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।


