बसना(जीतयादव)।बसना के सहायक शिक्षक श्री विरेन्द्र कुमार चौधरी ने “सूरता” नामक पुस्तक का संकलन किया।राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NAP 2020) के अंतर्गत इस वर्ष विद्यार्थियों के लिए इतिहास लेखन का कार्य निर्धारित किया गया था। यह पुस्तक भारत के 36 अमर शहीदों (1857 से 1947) के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और उनके बलिदान की कहानियों पर आधारित है।
बसना में हुआ “सूरता” पुस्तक का विमोचन, शहीदों के बलिदान से जोड़ने का प्रयास किया गया।
इस ऐतिहासिक संकलन “सूरता” पुस्तक का विमोचन आज बसना में किया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री विजय लहरे, विधायक श्री डॉ. सम्पत अग्रवाल एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।सहायक शिक्षक श्री विरेन्द्र कुमार चौधरी ने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम के अमर वीरों की गाथाओं को संकलित करने का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज को शहीदों के बलिदान से जोड़ना है। जानकारी एकत्रित करने में सोशल मीडिया और विभिन्न स्रोतों का सहयोग लिया गया।
शिक्षकों का रहा विशेष योगदान
इस पुस्तक के निर्माण में शासकीय उच्च प्राथमिक शाला साई सरायपाली के प्रधान पाठक श्री लोकेश्वर वर्गे का विशेष योगदान रहा। साथ ही विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं में श्रीमति जलेश्वरी धृतलहरे, श्री दिलीप कुमार पटेल, श्री लोमश कुमार पुहुप सहित अनेक शिक्षक साथियों का सक्रिय सहयोग रहा।
अतिथियों ने की सराहना
कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों और अतिथियों ने शिक्षकों के इस सामूहिक प्रयास की सराहना की और कहा कि यह पुस्तक विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी साबित होगी।






