पिरदा।स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी/इंग्लिश माध्यम विद्यालय पिरदा में प्राचार्य श्री तरूण पटेल के निर्देशानुसार वार्षिक शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में प्राथमिक, मिडिल एवं हाईस्कूल स्तर के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित की गई हैं, जिसमें छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।

पीटीआई श्री खीरसागर कैवर्त्य से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्रीड़ा प्रतियोगिता प्राथमिक वर्ग में 50 मीटर दौड़, रिले रेस, मेंढक कूद, कुर्सी दौड़, चम्मच दौड़ एवं बोरा दौड़ आयोजित की गई। वहीं मिडिल स्कूल स्तर पर 100 मीटर दौड़, रिले रेस तथा बालिका वर्ग के लिए लोटा दौड़ एवं संखली प्रतियोगिता कराई गई।
हाईस्कूल वर्ग में 100 एवं 200 मीटर दौड़, लोटा दौड़ तथा सामूहिक खेलों में खो-खो, कबड्डी एवं वॉलीबॉल का आयोजन किया गया।प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को अरपा, इन्द्रावती, महानदी एवं शिवनाथ हाउस के अंतर्गत चार दलों में विभाजित किया गया है।
क्रीड़ा प्रतियोगिता उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति।
पूर्वाह्न उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि जिला भाजपा उपाध्यक्ष श्री हरप्रसाद पटेल उपस्थित रहे। इस अवसर पर सरपंच पिरदा श्री रंजन भोई, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष श्री इंदल बरिहा, पूर्व माध्यमिक विद्यालय अध्यक्ष श्री शेख इमामुद्दीन, दीनबंधु प्रधान, हरिकेश भोई, आमोस दीप, विभीषण सिदार एवं रमेश भोई मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक श्री लोरीश गुरुजी ने किया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक विकास के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं अत्यंत आवश्यक हैं।

मुख्य अतिथि श्री हरप्रसाद पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में हाल ही में सांसद खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ ग्रामीणों ने भी सहभागिता की। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने का संदेश दिया।
शिक्षकों का रहा विशेष सहयोग
क्रीड़ा प्रतियोगिता के सफल आयोजन में पीटीआई श्री पी. राहुल, श्रीमती अंजलि पाण्डेय, श्रीमती दिशा चन्द्राकर, श्री डिकेश कश्यप, श्री शम्भूशरण कर, श्री पी.के. बरिहा सहित समस्त शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा। खेल मैदान में खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा है।





