सरायपाली(जीतयादव)। सरायपाली क्षेत्र के जंगलबेड़ा गांव में प्रस्तावित सोलर प्लांट के विरोध में ग्रामीणों द्वारा चलाए जा रहे अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज शामिल हुए और आंदोलनरत ग्रामीणों का समर्थन किया।ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम सभा की अनुमति के बिना सोलर प्लांट लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसका वे विरोध कर रहे हैं।
सोलर प्लांट लगाने का विरोध, सराईपाली में ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना।
उनका आरोप है कि बिना स्थानीय लोगों की सहमति के इस तरह की परियोजना लागू करना कानून के खिलाफ है और इससे गांव के जल, जंगल और जमीन पर असर पड़ेगा।धरना स्थल पर मौजूद दीपक बैज ने कहा कि ग्रामीणों के अधिकारों और उनकी जमीन से जुड़े मामलों में ग्राम सभा की अनुमति अनिवार्य है। यदि बिना सहमति के कोई परियोजना लागू की जाती है तो यह स्थानीय लोगों के अधिकारों के साथ अन्याय है।
ग्रामीणों की मांग है कि ग्राम सभा की अनुमति के बिना किसी भी प्रकार की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और स्थानीय लोगों के अधिकार सुरक्षित किए जाएं।
इस दौरान धरना स्थल पर सराईपाली विधायक चातुरी नंद और महासमुंद विधायक द्वारिकाधीश यादव भी मौजूद रहे। उन्होंने भी ग्रामीणों की मांगों को उचित बताते हुए प्रशासन से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।



