पिथौरा(जीतयादव)।नगर के हृदय स्थल मंदिर चौक में आज श्रीमद् देवी भागवत कथा का भव्य कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। इस पावन अवसर पर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालु शामिल हुए। ग्राम सभा शीतला समाज एवं समस्त पिथौरा नगरवासी कलश यात्रा में सम्मिलित होकर आयोजन को सफल बनाया।
दुर्गुणों का नाश करने वाली शक्ति हैं मां दुर्गा – पं. अभिनव शुक्ला दद्दू महाराज
कथा के प्रथम दिवस कथा वाचक पंडित अभिनव शुक्ला ‘दद्दू महाराज’ ने आदि शक्ति मां दुर्गा के स्वरूप का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि मां दुर्गा का वास्तविक स्वरूप दुर्गुणों का नाश करने वाली शक्ति का है, जो मानव जीवन से नकारात्मक प्रवृत्तियों का अंत करती हैं।

उन्होंने आगे बताया कि मां महामाया वह शक्ति हैं, जो मनुष्य के भीतर व्याप्त लोभ, मोह और माया को समाप्त कर जीवन को सत्य के मार्ग पर ले जाती हैं। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्तगण मंत्रोच्चारण और भक्ति में लीन नजर आए।
17 जनवरी तक चलेगी देवी भागवत कथा
आयोजकों के अनुसार श्रीमद् देवी भागवत कथा का आयोजन 17 जनवरी तक लगातार चलेगा। कथा के दौरान मां महाकाली, मां महालक्ष्मी एवं मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों का भावपूर्ण बखान किया जाएगा।
पिथौरा के इतिहास में विशेष आयोजन
आयोजकों ने बताया कि यह पिथौरा के इतिहास में पहली बार इस स्तर पर देवी भागवत कथा का आयोजन है, जबकि यह श्रीमद् देवी भागवत ज्ञान यज्ञ कथा का तृतीय वर्ष है। कथा में सभी समाज वर्गों के लोगों की सहभागिता देखने को मिली, जिससे आयोजन का धार्मिक एवं सामाजिक महत्व और भी बढ़ गया।





